Friday , April 26 2024

डाॅ रमन सिंह सरकार ने छत्तीसगढ़ का चहुंमुखी विकास किया: शाह

aaaरायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के लोगों से राज्य में चौथी बार पार्टी की सरकार बनाने की अपील की है।

शाह सोमवार को यहां कुशाभाउ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में नानाजी देशमुख डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ करने पहुंचे थे। 

भाजपा अध्यक्ष शाह ने बाद में छत्तीसगढ़ की तरक्की के 13 वर्ष पर केन्द्रित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। वे साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित प्रदेश कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए

अमित शाह ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की सरकार ने गांव, गरीब और किसानों की समस्याओं को दूर करने का बीड़ा उठाया है। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में चहुंमुखी विकास हुआ है।

उन्होंने अंतिम छोर तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाया है। देश में भाजपा नंबर-1 पर है। शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को खत्म करने का काम मुख्यमंत्री ने कर दिखाया है।

उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ता ज्यादा मेहनती हैं। छत्तीसगढ़ अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर भाजपा शासित प्रदेश बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि जिन प्रदेशों में भाजपा की सरकारें हैं ,वहां निरंतर ही विकास हुआ है।

शाह ने कहा कि मानवता के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को भाजपा सरकार ने पूरा किया है। साथ ही विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में भारतीय जनता पार्टी उभरी है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश ही नहीं दुनिया को एक अलग पहचान दिलाई है। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने बोलने वाला प्रधानमंत्री दिया है।

पाकिस्तान पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे जवानों ने सर्जिकल स्ट्राइक कर आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। अगर वहां से गोली आती है तो यहां से गोला जाता है।

नोटबंदी पर उन्होंने कहा कि नोटबंदी पूर्णत: कालेधन पर चलाई गया एक अभियान है। हमें गरीबों की चिंता है, निश्चित तौर पर कालेधन पर कार्रवाई जारी है।

शाह ने मोदी सरकार की सभी योजनाओं को गिनाया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में अच्छे दिन आ गए हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं को आह्वान करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में फिर से एक बार भाजपा की सरकार बनाने में पूर्ण जोर लगा दें।

समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का स्वागत करते हुए उनका पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की नरेन्द्र मोदी सरकार ने देश में विकास की गंगा बहाई है।

उन्होंने प्रदेश के कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की बदौलत आज वे तीसरी बार मुख्यमंत्री बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के आशीर्वाद से छत्तीसगढ का विकास हुआ है।

उन्होंने 2018 तक छत्तीसगढ़ को खुले में शौच से मुक्त करने का संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को 2018 में चौथी बार भाजपा की सरकार बनाने का भरोसा दिलाया। समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने डॉ. रमन सिंह को उनके मुख्यमंत्री के रूप में 13 साल पूरा होने पर सम्मानित किया।

स्वागत भाषण में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरम लाल कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ की दशा और दिशा को बदलने में रमन सरकार सफल रही। कौशिक ने भी चौथी बार भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल, राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री सौदान सिंह, राष्ट्रीय महासचिव सरोज पाण्डेय, केन्द्रीय राज्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री राम विचार नेताम, कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर सांसद रमेश बैस सहित सभी जिलों से आए लगभग 50 हजार कार्यकर्ता मौजूद रहे।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com