Thursday , April 25 2024

पंचायत से संसद तक कमल विजय की ओर: केशव मौर्य

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सांसद केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गरीबी मिटाने के लिए कालाधन के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के बाद देश में मोदी लहर और तेज हो गई है। पंचायत से लेकर संसद तक देश मोदीमय हो गया है।

उत्तर प्रदेश के चुनावों में ’कारनामों के शहजादे’ का ’भ्रष्टाचार के युवराज’ से गठबंधन जनता को धोखा देने के लिए ठगबंधन है। प्रदेश की जनता इस सपा, बसपा और कांग्रेस के कुशासन, भ्रष्टाचार के खिलाफ करारा जवाब दे रही है। श्री मौर्य ने प्रदेश पार्टी कार्यकर्ताओं से आहवान किया कि 25 फरवरी को सम्पूर्ण प्रदेश में ओडिशा और महाराष्ट्र में प्रचंड जीत पर विजय दिवस मनाएं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नोटबंदी के बाद हुए अनेक प्रदेशों में हुए चुनावों में भाजपा लगातार बहुमत से जीत रही है। महाराष्ट्र के 10 महानगर पालिकाओं और 25 जिला परिषदों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करते हुए ऐतिहासिक जीत और ओडिशा के पंचायत चुनावों में कमल खिलना स्पष्ट संकेत करता है कि उत्तर प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के भरोसे को और मजबूत करने जा रही है।

उन्होंने कहा कि जनता ने तो पहले ही कांग्रेस को गंभीरता से लेना छोड़ दिया है। अब कांग्रेस की वरिष्ठ नेता शीला दीक्षित द्वारा कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी को अपरिपक्व घोषित करने से कांग्रेस का खोखलापन और जाहिर हुआ।

राहुल गांधी को अपना आईकन बताने वाले अखिलेश यादव द्वारा सपा व कांग्रेस का गठबंधन करने से कारनामों के शहंशाह की समझ पर भी सवालिया निशान लगा है। अपराध व भ्रष्टाचार के सपा-कांग्रेस गठबंधन के खिलाफ जनता का जबरदस्त गुस्सा देखकर अखिलेश जी को यह नाटक फ्लाप दिखने लगा हैं। इसलिए वे अब इसे मजबूरी में किया गया गठबंधन बता रहे हैं।

सपा, बसपा और कांग्रेस के कारनामों और भ्रष्टाचार के कारण बुंदेलखंड से लेकर पूर्वांचल तक कराह रहे हैं। राजधानी के जिस मेट्रो और एक्सप्रेस हाइवे का मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ढोल पीट रहे हैं, वह भी विकास के लिए नहीं, बल्कि मेट्रो में 200 करोड़ और एक्सप्रेस हाइवे में 7-8 हजार करोड़ के घोटाले के लिए शुरू किया गया।

अखिलेश यादव के इस बात का जवाब नहीं है कि मेट्रो में प्रति किलोमीटर एक अरब रूपया ज्यादा खर्च क्यों तय किया गया, जबकि केंद्र सरकार द्वारा अन्य राज्यों में लखनऊ मेट्रो से कई गुना कम लागत में मेट्रो परियोजना को मंजूरी दी गई।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 15 हजार करोड़ रूपए में 1243 किलोमीटर के विश्वस्तरीय राष्ट्रीय राजमार्ग बना रही है, जबकि अखिलेश के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस के लगभग 300 किलोमीटर की लागत 22 हजार करोड़ से ज्यादा आई। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वें की लागत में इतनी बढ़ोत्तरी भ्रष्टाचार का संकेत है।

श्री मौर्य ने कहा कि हर रोज बलात्कार, हत्या, अपहरण, लूट, व्यापारियों से उगाही से त्रस्त जनता मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से पूछना चाहती है कि जिस उ.प्र. में मुख्यमंत्री की पत्नी तक सुरक्षित नहीं हैं, वहां आम जनता के परिवार और सम्मान की सुरक्षा करने का उनके दावें पर भरोसा कैसे करे ? मुख्यमंत्री अखिलेश यादव महिलाओं की आबरू लूटने वाले मंत्रियों और सपा नेताओं के लिए बेशर्मी से वोट मांग रहे हैं और मर्यादा छोड़कर गरिमामय प्रधानमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com