Sunday , April 14 2024

मप्र के पूर्व राज्यपाल महावीर का निधन, पीएम ने जताया शोक

mahaनई दिल्ली। मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल एवं जनसंघ के संस्थापक सदस्य डॉक्टर भाई महावीर का शनिवार देर रात नई दिल्ली में निधन हो गया।

94 वर्षीय भाई महावीर काफी समय से बीमार थे। उनका अंतिम संस्कार रविवार को दिल्ली में किया जाएगा।

महावीर के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सहित अनेक लोगों ने शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि भारत के पुनर्निमाण में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा था। उन्होंने कहा कि भाई महावीर का निधन दुखद है।

भारत के उत्थान के प्रति वह बेहद प्रतिबद्ध थे।उनकी आत्मा को शांति मिले। भाई महावीर एक दिग्गज थे, वह कार्यकर्ताओं की ऐसी पीढ़ी से संबंधित थे जो नि:स्वार्थ राष्ट्र निर्माण की दिशा में खुद को अर्पण करते थे।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अपने शोक संदेश में कहा कि भाई महावीर का निधन भाजपा ही नहीं बल्कि संपूर्ण देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने कहा कि मैं अपनी और पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से दिवंगत आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिवार को सामर्थ्य प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। उन्होंने कहा कि भाई महावीर अत्यंत कर्मठ एवं विचारों के प्रति प्रतिबद्ध थे।

उनका सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र, विचारधारा एवं समाजसेवा के लिए समर्पित रहा। शाह ने कहा कि पेशे से प्राध्यापक रहे डॉक्टर भाई महावीर ने कई महत्वपूर्ण पुस्तकें भी लिखी हैं।

जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी के संगठन विस्तार में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनसे प्रेरणा लेते थे। उन्होंने कहा कि डॉक्टर भाई महावीर अप्रैल 1998 से मार्च 2003 के बीच मध्य प्रदेश के राज्यपाल भी रहे। वे दो बार राज्यसभा सदस्य भी रहे।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com